हल्द्वानी। अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्रित चंदे में कथित अनियमितताओं के विरोध में मंगलवार को शिवसेना कार्यकर्ताओं ने श्री कालू सिद्ध बाबा मंदिर परिसर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिवसैनिक और रामभक्त शामिल हुए तथा धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया।
शिवसेना के मीडिया प्रभारी अभिषेक कश्यप ने कहा कि श्री राम मंदिर से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं की खबरों से कार्यकर्ताओं और रामभक्तों में नाराजगी है। इसी के विरोध में मंदिर परिसर में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर भगवान हनुमान से सत्य की स्थापना और दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और भगवान हनुमान के पूजन-अर्चन से हुई। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और मंदिर परिसर में धार्मिक जयघोष किए। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने प्रार्थना की कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच हो तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रदेश उपाध्यक्ष रूपेंद्र नागर ने अपने संबोधन में श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट और मंदिर निर्माण से जुड़े चंदे के उपयोग को लेकर सवाल उठाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि चंदे के उपयोग में किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में उत्तराखंड प्रदेश उपप्रमुख रूपेंद्र नागर, कुमाऊं मंडल प्रमुख हेमंत कुमार भईयू, कुमाऊं मंडल सचिव पदमपाल, जिला अध्यक्ष त्रिलोक सिंह, जिला संगठन मंत्री अशोक सिंधी, महानगर प्रमुख सुनील गुप्ता, महानगर कार्यकारी प्रमुख मनोज गुप्ता, महानगर उपाध्यक्ष प्रमोद आर्या, महानगर सचिव पुरुषोत्तम सिंह, पूरन सागर, महानगर संगठन सचिव प्रदीप पाठक, भीमताल विधानसभा प्रभारी मुकेश बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख सूरज आर्य, महानगर प्रचार सचिव अक्षय मौर्य सहित अन्य शिवसैनिक एवं रामभक्त मौजूद रहे।





