किच्छा। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने स्पष्ट किया है कि पंडित राम सुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर की नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) की मान्यता समाप्त नहीं होगी। सभी आवश्यक मानकों को निर्धारित समयावधि में पूरा कर इसी वर्ष के अंत तक मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ कर दी जाएंगी।यह आश्वासन स्वास्थ्य मंत्री ने उस समय दिया जब किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने उनसे मुलाकात कर समाचारों में प्रकाशित मेडिकल कॉलेज की एनएमसी मान्यता समाप्त होने संबंधी खबरों का संज्ञान लेने का अनुरोध किया। पूर्व विधायक ने कहा कि इस प्रकार की खबरों से क्षेत्र की जनता और छात्र-छात्राओं में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, इसलिए सरकार तत्काल स्थिति स्पष्ट करे।पूर्व विधायक की बात को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने तत्काल निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. अजय आर्य से दूरभाष पर वार्ता की तथा निर्देश दिए कि एनएमसी द्वारा निर्धारित सभी मानकों को 15 दिनों के भीतर पूर्ण करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज की एनएमसी मान्यता समाप्त नहीं हुई है। एनएमसी ने केवल आवश्यक मानकों की पूर्ति के लिए 15 दिनों का समय दिया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि के भीतर सभी आवश्यक नियुक्तियां एवं अन्य औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी, जिससे मेडिकल कॉलेज सभी मानकों पर खरा उतरेगा। राज्य सरकार रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को लेकर पूरी तरह गंभीर है और इसी वर्ष के अंत तक यहां चिकित्सा शिक्षा प्रारंभ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से ऊधमसिंहनगर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी, वहीं प्रदेश में नए चिकित्सकों के तैयार होने से डॉक्टरों की कमी को दूर करने में भी मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग भ्रामक एवं तथ्यहीन खबरें फैलाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ मेडिकल कॉलेजों के निर्माण एवं संचालन की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने विश्वास दिलाया कि रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज की एनएमसी मान्यता किसी भी स्थिति में समाप्त नहीं होने दी जाएगी। सरकार निर्धारित समय में सभी मानकों की पूर्ति कर दोनों मेडिकल कॉलेजों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पूर्व विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के सकारात्मक प्रयासों से रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का सपना शीघ्र साकार होगा, जिससे पूरे ऊधमसिंहनगर जनपद और आसपास के क्षेत्रों की जनता को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं एवं चिकित्सा शिक्षा का लाभ मिलेगा।





