हरिद्वार। निठारी कांड के आरोपित रहे सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में हुई मौत को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट मंगलवार को भी जारी नहीं हो पाई। हालांकि, सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम में गर्दन की हड्डी टूटने की बात सामने आई है। आधिकारिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारण की अंतिम पुष्टि हो सकेगी।
सुरेंद्र कोली पिछले कुछ समय से हरिद्वार में सदाराम नाम से रह रहा था। छह सितंबर को उसने उत्तरी हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में चाय की दुकान शुरू की थी। कुछ दिन बाद दुकान के अंदर उसका शव फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला माना था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल और वीडियोग्राफी के बीच कराया गया था। पोस्टमार्टम करने वाले पैनल में शामिल एक चिकित्सक के बीमार होने के कारण रिपोर्ट जारी होने में देरी हुई है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।
परिवार ने जताया था संदेह
सुरेंद्र कोली के स्वजन उसकी मौत को लेकर सवाल उठा चुके हैं। उसके भाई ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच की मांग की थी। परिवार ने उसके चेहरे और नाक के पास खून के निशान को लेकर भी सवाल उठाए थे। हालांकि, पुलिस की अब तक की जांच में हत्या या किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता का स्पष्ट साक्ष्य सामने नहीं आया है।
सीसीटीवी और कॉल रिकॉर्ड खंगाले
पुलिस ने घटना की रात की सीसीटीवी फुटेज और सुरेंद्र कोली के मोबाइल के कॉल रिकॉर्ड की भी जांच की है। पुलिस के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे वह दुकान के अंदर जाता दिखाई दिया। इसके बाद किसी अन्य व्यक्ति के दुकान में आने या बाहर निकलने का फुटेज सामने नहीं आया है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।




