हल्द्वानी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की कवायद लगातार जारी है। आम मतदाताओं के साथ अब प्रशासनिक अधिकारी भी इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। इसी क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी ने भी अपने मतदाता विवरण में दर्ज त्रुटि के सुधार के लिए संबंधित मतदान केंद्र पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज जमा किए।
महिला डिग्री कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी ने बीएलओ के समक्ष निर्धारित अभिलेख प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में उनके पिता के नाम में त्रुटि दर्ज हो गई थी, जिसके संशोधन के लिए उन्होंने निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया का पालन करते हुए आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए।
इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि मतदाता सूची में नाम, पता, आयु या अन्य किसी प्रकार की गलती हो तो घबराने या भ्रमित होने के बजाय अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर बीएलओ के समक्ष आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर उसका समय रहते सुधार कराएं।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का सही विवरण दर्ज कर मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित, अद्यतन और विश्वसनीय बनाना है। इसके लिए चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।




