Top 5 This Week

Related Posts

समुद्री मार्ग सुरक्षित होंगे तभी बढ़ेगा वैश्विक व्यापार: पीएम मोदी ने BRICS देशों से की अपील

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित BRICS बिजनेस फोरम के लीडर्स सेशन में वैश्विक व्यापार को बढ़ावा देने के लिए समुद्री मार्गों की सुरक्षा, खुले आपूर्ति मार्गों और नाविकों की सुरक्षा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समुद्री रास्ते सुरक्षित और आपूर्ति श्रृंखलाएं निर्बाध रहेंगी, तभी वैश्विक व्यापार तेजी से आगे बढ़ सकेगा।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत नौवहन की स्वतंत्रता और समुद्री यात्रियों की सुरक्षा का मजबूती से समर्थन करता है। मौजूदा समय में विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे संघर्षों और भू-राजनीतिक तनाव के कारण समुद्री परिवहन और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं पर असर पड़ रहा है। ऐसे में समुद्री मार्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है।

व्यापारिक बाधाएं दूर करने पर जोर

प्रधानमंत्री ने BRICS बिजनेस काउंसिल से समूह के भीतर मौजूद शीर्ष 10 व्यापारिक बाधाओं की पहचान कर उन्हें दूर करने के लिए रिपोर्ट तैयार करने का आग्रह किया। उन्होंने हर वर्ष 100 BRICS स्टार्टअप को दूसरे सदस्य देशों के बाजारों में विस्तार दिलाने और कारोबारियों के बीच 1,000 नई साझेदारियां स्थापित करने का भी लक्ष्य सुझाया। इन तीनों क्षेत्रों में हर साल प्रगति की समीक्षा करने की बात कही गई।

मोदी ने कहा कि दुनिया में जहां व्यापारिक बाधाएं बढ़ रही हैं, वहीं भारत आर्थिक सेतु बनाने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने बुनियादी ढांचे के विस्तार के साथ जहाज निर्माण, सेमीकंडक्टर, क्वांटम तकनीक, महत्वपूर्ण खनिज और जैव प्रौद्योगिकी जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में भारत की बढ़ती क्षमताओं का भी उल्लेख किया।

BRICS की बढ़ती आर्थिक ताकत

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2006 में चार देशों से शुरू हुआ BRICS अब साझेदार देशों सहित 21 देशों का समूह बन चुका है। यह समूह दुनिया की करीब आधी आबादी, लगभग 40 प्रतिशत वैश्विक GDP और एक-चौथाई से अधिक वैश्विक व्यापार का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने BRICS की आर्थिक ताकत को ठोस व्यापार, निवेश और कारोबारी अवसरों में बदलने पर जोर दिया।

Popular Articles