Top 5 This Week

Related Posts

संस्कृत प्रवक्ता परीक्षा पर पुलिस का पहरा, तीन केंद्रों पर कड़ी निगरानी

मोबाइल और प्रतिबंधित उपकरणों की जांच, इनर-आउटर कॉर्डन से लेकर यातायात तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

हल्द्वानी। परीक्षा में सेंधमारी और अव्यवस्था की आशंका को रोकने के लिए नैनीताल जिले में संस्कृत प्रवक्ता भर्ती परीक्षा के दौरान पुलिस ने सुरक्षा का कड़ा घेरा तैयार किया है। तीन परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित हो रही परीक्षा पर पुलिस की पैनी नजर है। केंद्रों के भीतर से लेकर बाहर तक निगरानी और चेकिंग के इंतजाम किए गए हैं।

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित उत्तराखंड विशेष अधीनस्थ शिक्षा (प्रवक्ता संवर्ग, समूह-ग) सेवा की सामान्य एवं महिला शाखा की संस्कृत विषय की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जोनल, सहायक और सेक्टर पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है।

एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। तैनात अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रहे हैं। अभ्यर्थियों की आवाजाही नियंत्रित रखने के लिए केंद्रों पर अंदरूनी और बाहरी सुरक्षा घेरा बनाया गया है।

परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य प्रतिबंधित सामग्री को रोकने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार जांच की जा रही है। केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ अनधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए आसपास यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता बरतने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Popular Articles