Top 5 This Week

Related Posts

शुद्धिकरण विवाद को लेकर कांग्रेस का सीएम आवास कूच, 7 सितंबर को बड़ा प्रदर्शन

देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर उत्तराखंड में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने इस मामले में सरकार पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच करने का एलान किया है। प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के देहरादून पहुंचने की तैयारी है।

कांग्रेस के अनुसार, 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खरगे ने जनसभा को संबोधित किया था। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर कथित रूप से शुद्धिकरण अनुष्ठान किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हुआ। कांग्रेस ने इसे खरगे के अपमान और जातिगत भेदभाव से जोड़ते हुए दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को उसके तार्किक निष्कर्ष तक ले जाएगी। उन्होंने बताया कि 7 सितंबर को प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करेंगे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राज्यपाल, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और विभिन्न थानों में शिकायतें देने के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

राहुल गांधी के शामिल होने की चर्चा

कांग्रेस के प्रस्तावित प्रदर्शन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य वरिष्ठ राष्ट्रीय नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मुताबिक राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कांग्रेस इस दौरान हल्द्वानी मामले में कथित रूप से शामिल लोगों और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगी। साथ ही पार्टी राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग भी उठाएगी।

पहले भी कर चुकी है प्रदर्शन

इस विवाद को लेकर कांग्रेस इससे पहले भी देहरादून में प्रदर्शन कर चुकी है। 1 सितंबर को पार्टी कार्यकर्ताओं ने सचिवालय कूच किया था, जहां पुलिस बैरिकेडिंग के पास प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। कांग्रेस लगातार मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है।

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहले इस घटना को कांग्रेस द्वारा दलित अपमान से जोड़ने पर सवाल उठाते हुए कहा था कि शुद्धिकरण की घटना के समय भाजपा का कोई व्यक्ति वहां मौजूद नहीं था। इससे विवाद पर राजनीतिक टकराव और बढ़ गया है।

Popular Articles