नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् के गायन को लेकर उठा विवाद अब पुलिस जांच तक पहुंच गया है। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ मिली शिकायत की जांच शुरू कर दी है। शिकायत में दोनों नेताओं पर राष्ट्रगीत के गायन में कथित रूप से बाधा डालने का आरोप लगाया गया है।
15 अगस्त को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् का गायन हो रहा था। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इसी दौरान सोनिया गांधी ने कुछ इशारे किए, जिन्हें गीत के आगे के हिस्से के गायन पर आपत्ति के तौर पर देखा गया। शिकायत में सार्वजनिक रूप से सामने आए वीडियो का भी हवाला दिया गया है।
शिकायत में राहुल गांधी की कथित टिप्पणी का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, वीडियो में उन्हें वंदे मातरम् के गायन को लेकर टिप्पणी करते हुए सुना जा सकता है। हालांकि, इन आरोपों की सत्यता और कथित व्यवहार की मंशा की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
अधिवक्ता कुनाल विनायक और शुभ शर्मा ने 16 अगस्त को दिल्ली पुलिस में शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच तथा एफआईआर दर्ज करने की मांग की। शिकायत में Prevention of Insults to National Honour (Amendment) Bill, 2026 का हवाला देते हुए कहा गया है कि नए प्रावधानों के तहत राष्ट्रगीत के गायन में जानबूझकर बाधा डालने या ऐसे कार्यक्रम में व्यवधान पैदा करने पर कार्रवाई का प्रावधान है।
विवाद के बीच कांग्रेस ने वंदे मातरम् के पूरे गायन को रोकने के आरोप से इनकार किया है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि कार्यक्रम में राष्ट्रगीत के गायन को बाधित करने का कोई प्रयास नहीं किया गया। वहीं, भाजपा नेताओं ने इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए सोनिया गांधी और राहुल गांधी से माफी की मांग की है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच की जा रही है। जांच के दौरान उपलब्ध वीडियो फुटेज, शिकायत में लगाए गए आरोप और लागू कानूनी प्रावधानों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई पर फैसला होगा।





