डिप्टी कमिश्नर, खाद्य संरक्षण एवं औषधि प्रशासन कुमाऊँ मंडल डॉ. आरएस. कठायत ने व्यापारियों से कहा— खाद्य सामग्री में किसी भी तरह की कोताही न बरतें
रुद्रपुर। रुद्रपुर व्यापार मंडल एवं डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में अग्रवाल धर्मशाला में फूड लाइसेंस बनाने एवं नवीनीकरण के लिए एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में 50 से अधिक व्यापारियों ने फूड लाइसेंस के लिए आवेदन किया। पात्र आवेदकों को मौके पर ही फूड लाइसेंस उपलब्ध करा दिए गए।
कैंप का शुभारंभ डिप्टी कमिश्नर, खाद्य संरक्षण एवं औषधि प्रशासन कुमाऊँ मंडल डॉ. आर.एस. कठायत, सहायक आयुक्त ललित मोहन पांडे, खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्य समेत व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर डॉ. आर.एस. कठायत ने व्यापारियों से कहा कि सभी व्यापारियों को अपने फूड लाइसेंस की समय-समय पर जांच करते रहना चाहिए। खाद्य सामग्री को सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि उसकी गुणवत्ता प्रभावित न हो। दुकानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। एक्सपायरी एवं ब्रेकेज वाले सामान को अलग स्थान पर सुरक्षित रखें।
सहायक आयुक्त ललित मोहन पांडे ने बताया कि सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस विशेष कैंप में 50 से अधिक व्यापारियों ने फूड लाइसेंस के लिए आवेदन किया और उन्हें मौके पर ही लाइसेंस जारी किए गए। उन्होंने रुद्रपुर व्यापार मंडल एवं डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कैंप व्यापारियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हुआ।
इस दौरान संरक्षक बलविंदर सिंह विर्क, केवल बत्रा, सुरमुख सिंह विर्क, पृथ्वीराज आर्य, महेश बब्बर, विजय जग्गा, ताराचंद्र अग्रवाल, राजेश घीक, हरीश अरोरा, पवन गाबा, पंकज बांगा, मुकुल मित्तल, अमन अग्रवाल सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ने अधिकारियों और वरिष्ठ व्यापारियों को किया सम्मानित
रुद्रपुर। शहर में आयोजित शिविर के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने सभी अधिकारियों एवं वरिष्ठ व्यापारियों का चुनरी ओढ़ाकर, माला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।
जुनेजा ने कहा कि रुद्रपुर व्यापार मंडल का प्रदेश में एक अपना स्थान है। व्यापारी हितों के लिए व्यापार मंडल पहले भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता रहा है और भविष्य में भी व्यापार मंडल व्यापारियों के लिए सदैव अग्रणी रहेगा।





