Top 5 This Week

Related Posts

रुड़की में कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या, आक्रोशित लोगों ने कोतवाली घेरा

रुड़की। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा में शुक्रवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। आक्रोशित लोगों ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर हंगामा करते हुए घेराव किया।

जानकारी के अनुसार, ढंडेरा निवासी अमन शराब की कैंटीन चलाते थे। शुक्रवार देर रात कैंटीन बंद करने के बाद वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से अमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल अमन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपियों की तलाश में क्षेत्र में कांबिंग भी की गई, लेकिन देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस प्रथम दृष्टया वारदात को पुरानी रंजिश से जोड़कर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Popular Articles