Top 5 This Week

Related Posts

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर टिप्पणी को लेकर सांसद अजय भट्ट ने राहुल गांधी की निंदा की

हल्द्वानी। पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री और नैनीताल–ऊधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद  अजय भट्ट ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार श्री अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर कड़ा एतराज जताया है। उन्होंने कहा कि अजीत डोभाल देश की राष्ट्रीय सुरक्षा के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उनका योगदान पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है। सांसद अजय भट्ट ने कहा कि श्री अजीत डोभाल न केवल देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार हैं, बल्कि उत्तराखंड की देवभूमि के भी गौरव हैं। उन्होंने अपने अनुभव, समर्पण और कार्यकुशलता से देश की सुरक्षा एवं सामरिक हितों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे प्रतिष्ठित व्यक्तित्व के प्रति अमर्यादित टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

भट्ट ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार चुनावी हार से राहुल गांधी बौखलाहट में हैं और उनके बयान उनकी राजनीतिक हताशा को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे अत्यंत संवेदनशील विषयों पर बयान देते समय राजनीतिक मर्यादा, जिम्मेदारी और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए।सांसद ने कहा कि देश की सुरक्षा, संप्रभुता और सामरिक हितों के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले व्यक्तित्वों के योगदान का सम्मान किया जाना चाहिए। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन देश की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत व्यक्तियों के प्रति भाषा की मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है। अजय भट्ट ने कहा कि राहुल गांधी को अपनी टिप्पणियों में गंभीरता और जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार श्री अजीत डोभाल का सम्मान देश के सम्मान से जुड़ा विषय है और उनके प्रति किसी भी प्रकार की अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है।

Popular Articles