सिटी क्लब में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में कार्यकर्ताओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को सफल बनाने का आहवान
रुद्रपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के हल्द्वानी में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को सिटी क्लब में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी प्रकाश जोशी ने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक शुरू होने से पहले सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान नेताओं ने उनके देश के लिए दिए गए सर्वाेच्च बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प भी लिया गया। इसके बाद बैठक शुरू हुई। इसमें नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का प्रस्तावित हल्द्वानी दौरा संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इसे जनशक्ति के प्रदर्शन के साथ सफल बनाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से गांव गांव और वार्ड स्तर पर संपर्क अभियान चलाने, अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने तथा पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के अधिकारों,किसानों, युवाओं,महिलाओं और आम लोगों के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस लगातार जनता की आवाज उठा रही है और आगामी कार्यक्रमों के माध्यम से इन मुद्दों को और मजबूती से सामने रखा जाएगा।
कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी प्रकाश जोशी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का उत्तराखंड दौरा संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेगा।प्रत्येक कार्यकर्ता को कार्यक्रम की सफलता के लिए पूरी ताकत के साथ जुटना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य संगठन को और मजबूत बनाना तथा जनता के बीच पार्टी की विचारधारा और जनहित की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों, जनसंपर्क अभियान तथा हल्द्वानी कार्यक्रम में अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ कार्य करें। यहां पहुंचे वरिष्ठ नेताओं का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
बैठक में उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, नानकमत्ता विधायक गोपाल सिंह राणा,पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल,पूर्व विधायक संजीव आर्य,जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, महानगर अध्यक्ष ममता रानी,संदीप चीमा,संजय ठुकराल,ललित सिंह बिष्ट, पुष्कर राज जैन, डॉ अजय सिंह, हरीश पनेरु, गणेश उपाध्याय, दिनेश पंत,पार्षद चिराग कालरा, सुनील चुघ, प्रधान आशीष यादव, योगेश चौहान, राकेश कोली, उमा सरकार, कुंवर पाल कोली,राजू गुप्ता, ज्योति टम्टा, बाबू विश्वकर्मा,आबिद हुसैन,मुराद अली,पार्षद, गौरव खुराना, पार्षद इंद्रजीत सिंह पार्षद,शुभम दास पार्षद, हरिओम शर्मा, हरेंद्र पाल,सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




