भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने आंध्र प्रदेश, हरियाणा और ओडिशा में होने वाले राज्यसभा के उप-चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। आंध्र प्रदेश से रयागा कृष्णैया, हरियाणा से रेखा शर्मा और ओडिशा के सुजीत कुमार को टिकट मिला। बता दें कि राज्यसभा की छह रिक्त सीटों पर 20 दिसंबर को चुनाव होंगे। नतीजे इसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे। इन छह सीटों में से तीन सीटें आंध्र प्रदेश की हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, हरियाणा और ओडिशा की एक-एक सीट पर चुनाव कराए जा रहे हैं। सभी सीटें मौजूदा सांसदों के इस्तीफे के बाद खाली हुई थीं। उपचुनाव से जुड़ी अधिसूचना तीन दिसंबर को जारी की गई। नामांकन की आखिरी तारीख 10 दिसंबर तय की गई है। 11 दिसंबर को नामांकन की जांच होगी। उम्मीदवार 13 दिसंबर तक नामांकन वापस ले सकते हैं। चुनाव 20 दिसंबर को कराए जाएंगे और नतीजे इसी दिन जारी कर दिए जाएंगे। चुनाव आयोग को 24 दिसंबर से पहले इन सीटों पर चुनाव संपन्न कराना है।आंध्र में युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के राज्यसभा सदस्य एम वेंकट रमन्ना, बी मस्तान राव यादव और बीसी नेता आर कृष्णैया के इस्तीफे के बाद तीन सीटें खाली हुई हैं। वर्तमान में वाईएस जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली पार्टी के पास केवल आठ राज्यसभा सदस्य हैं। तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 20 दिसंबर को होने वाले उपचुनावों में राज्यसभा की तीनों सीटें जीतने का प्रबल दावेदार है। उसके पास दक्षिणी राज्य की विधानसभा में प्रचंड बहुमत है।





