इंसेट: तीन कॉल के बाद बंद हुआ रजिस्टर्ड मोबाइल, बैंक खाते से साफ हो गई बड़ी रकम
हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति के साथ करीब 9.79 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना मुखानी में तहरीर देकर अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
लामाचौड़ निवासी दलविंदर सिंह का बैंक ऑफ बड़ौदा, तिकोनिया शाखा में खाता है। आरोप है कि 3 जुलाई की शाम को अज्ञात मोबाइल से लगातार तीन कॉल आईं। इसके कुछ ही देर बाद उनका बैंक खाते से लिंक रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर अचानक बंद हो गया।
पीड़ित का आरोप है कि मोबाइल नंबर निष्क्रिय होने के बाद अज्ञात साइबर ठग ने उनके बैंक खाते से 9,79, रुपये निकाल लिए। घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने थाना मुखानी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साइबर ठगों की तलाश में जुटी है।
वहीं, एस पी सिटी मनोज कत्याल ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल, ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से बचें और संदिग्ध गतिविधि होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन एवं पुलिस को सूचना दें।





