Top 5 This Week

Related Posts

मानसून की रफ्तार तेज, अगले चार दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में होगा विस्तार

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून आगामी चार दिनों में गुजरात, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के शेष हिस्सों तक पहुंच सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, वर्तमान में बने अनुकूल मौसमी हालात के कारण मानसून का विस्तार तेजी से उत्तर-पश्चिम भारत की ओर हो रहा है।

आईएमडी ने बताया कि उत्तर अरब सागर, गुजरात और हरियाणा-पंजाब के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने की परिस्थितियां बन रही हैं। इसके साथ ही राजस्थान के कई इलाकों में भी मानसून सक्रिय होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम हिस्से में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से मध्य भारत में अगले कुछ दिनों तक वर्षा गतिविधियां तेज बनी रहेंगी।

विभाग ने कोंकण, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, सौराष्ट्र, ओडिशा और पश्चिम मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

आईएमडी ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की अपील की है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की प्रगति से खरीफ फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

Popular Articles