Top 5 This Week

Related Posts

महापौर ने पर्यावरण मित्रों को वितरित किए रेनकोट कहा- स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं पर्यावरण मित्र

रुद्रपुर। बरसात के मौसम में नगर निगम के पर्यावरण मित्रों को अपने कार्य के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे सुरक्षित रहकर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित कर सकें, इसके लिए नगर निगम की ओर से विशेष पहल की गई है। जिसके तहत महापौर विकास शर्मा ने पर्यावरण मित्रों को रेनकोट वितरित किए। नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा एवं नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डेय ने पर्यावरण मित्रों को रेनकोट वितरित किए।

पर्यावरण मित्रों ने भी नगर निगम की ओर से उनकी सुरक्षा एवं सुविधाओं का ध्यान रखे जाने पर आभार व्यक्त किया। महापौर ने कहा कि पर्यावरण मित्र नगर निगम परिवार का अभिन्न अंग हैं और शहर को स्वच्छ,सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। पर्यावरण मित्र प्रतिदिन सुबह से लेकर शाम तक शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हैं। उनके अथक परिश्रम के कारण ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था लगातार बेहतर हो रही है।पर्यावरण मित्रों का कार्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि वे शहर के स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण की नींव को मजबूत करने का काम करते हैं। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में उनके योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं का ध्यान रखना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।पर्यावरण मित्रों के हितों को प्राथमिकता दी है और आगे भी उनके हितों एवं सम्मान की रक्षा में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण मित्रों की मेहनत और जिम्मेदारी का ही परिणाम है कि नगर निगम रुद्रपुर स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।पर्यावरण मित्रों को आवश्यक सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही उनके सम्मान और हितों से जुड़े विषयों पर भी लगातार कार्य किया जा रहा है।इस अवसर पर पार्षद संघ अध्यक्ष राजेश जग्गा, देवभूमि सफाई कर्मचारी संघ अध्यक्ष सोनू मुल्तानी, संदीप गुम्बर सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं पर्यावरण मित्र मौजूद रहे।

Popular Articles