Top 5 This Week

Related Posts

भारत समिट 2026 पर सियासी घमासान, भाजपा ने राहुल गांधी से पूछा- विदेशी मेहमानों को बुलाने के पीछे क्या है एजेंडा

नई दिल्ली। हैदराबाद में आयोजित दो दिवसीय ‘भारत समिट 2026’ को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए समिट में शामिल कुछ विदेशी वक्ताओं की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी और मीडिया संयोजक आशीष उषा अग्रवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने ऐसे लोगों को अपने मंच पर जगह दी है, जिनके संबंध जॉर्ज सोरोस समर्थित ‘ओपन सोसायटी’ नेटवर्क और एमनेस्टी इंटरनेशनल से बताए जाते हैं। भाजपा ने राहुल गांधी से पूछा कि ऐसे विवादित लोगों को आमंत्रित करने के पीछे क्या उद्देश्य है।

भाजपा नेताओं ने इक्वाडोर के पूर्व मंत्री गुइलेर्मो लांग और एमनेस्टी इंटरनेशनल के पूर्व महासचिव सलिल शेट्टी का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि इन व्यक्तियों ने अतीत में कश्मीर और भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर विवादित बयान दिए हैं।

वहीं, भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि समिट में शामिल कुछ वक्ताओं के संबंध जॉर्ज सोरोस समर्थित संगठनों से रहे हैं। उन्होंने पैट्रिक गैस्पर्ड का भी उल्लेख किया, जो ओपन सोसायटी फाउंडेशन्स के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं।

दूसरी ओर, कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को राजनीतिक बयानबाजी करार देते हुए समिट को लोकतंत्र, सहकारी संघवाद और बदलती वैश्विक व्यवस्था पर विचार-विमर्श का खुला मंच बताया है।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि समिट में आमंत्रित 315 अंतरराष्ट्रीय वक्ताओं में से 115 के वीजा रद्द किए गए या उन्हें भारत आने से रोक दिया गया।

भारत समिट को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। अब यह आयोजन राजनीतिक बहस का प्रमुख केंद्र बन गया है।

Popular Articles