नई दिल्ली। अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण देशभर में हवाई यातायात प्रभावित हो गया। इस दौरान एअर इंडिया की दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही नॉन-स्टॉप फ्लाइट अपने गंतव्य से महज ढाई घंटे की दूरी पर प्रशांत महासागर के ऊपर उड़ान भर रही थी। हालांकि, राहत की बात रही कि विमान को सुरक्षित तरीके से निर्धारित समय पर सैन फ्रांसिस्को में उतार लिया गया।
अमेरिका में शुक्रवार, 13 नवंबर को ATC सिस्टम में गड़बड़ी के बाद फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने सुरक्षा के मद्देनजर कई एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टॉप लागू कर दिया। इसके तहत विमानों की उड़ानों को जमीन पर रोकने का निर्देश दिया गया।
हवा में थीं एअर इंडिया की पांच उड़ानें
जिस समय अमेरिका में हवाई यातायात का संकट पैदा हुआ, उस वक्त एअर इंडिया की पांच नॉन-स्टॉप उड़ानें अमेरिका की ओर जा रही थीं। इनमें दिल्ली-सैन फ्रांसिस्को फ्लाइट सबसे अधिक चर्चा में रही। बोइंग 777 विमान (VT-ALS) प्रशांत महासागर के ऊपर था और उसे सैन फ्रांसिस्को पहुंचने में करीब ढाई घंटे का समय लगना था।
इसके अलावा चार अन्य उड़ानें अटलांटिक महासागर के रास्ते न्यूयॉर्क जा रही थीं। इनमें दिल्ली और मुंबई से नेवार्क तथा जेएफके एयरपोर्ट जाने वाली उड़ानें शामिल थीं।
रात 2:24 बजे जारी हुआ अलर्ट
अमेरिकी एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम कमांड सेंटर (ATCSCC) ने 14 नवंबर को भारतीय समयानुसार सुबह 2:24 बजे एडवाइजरी जारी की। इसमें सभी प्रस्थान करने वाली उड़ानों को जमीन पर रोकने का निर्देश दिया गया। हालांकि, विदेश से अमेरिका पहुंचने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को परिस्थितियों के अनुसार अनुमति देने का प्रावधान रखा गया था।
एअर इंडिया के फ्लाइट ऑपरेशन विभाग ने तुरंत स्थिति की समीक्षा की। दिल्ली-सैन फ्रांसिस्को विमान के पायलट ओकलैंड एयर ट्रैफिक कंट्रोल के संपर्क में थे। उन्हें विमान का मार्ग बदलने का निर्देश नहीं मिला, जिसके बाद विमान ने अपनी यात्रा जारी रखी।
पांच घंटे तक प्रभावित रहा हवाई यातायात
अमेरिका में तकनीकी खराबी के कारण करीब पांच घंटे तक हवाई यातायात प्रभावित रहा। इसके बावजूद एअर इंडिया की पांचों उड़ानें निर्धारित समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच गईं। हालांकि, सैन फ्रांसिस्को से दिल्ली लौटने वाली फ्लाइट को एयरपोर्ट पर भीड़ के कारण करीब 2 घंटे 40 मिनट की देरी हुई।
अमेरिका में इस तकनीकी संकट के कारण हजारों उड़ानें रद्द हुईं और बड़ी संख्या में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।




