Top 5 This Week

Related Posts

भारत-नेपाल के शीर्ष अधिकारी देहरादून में करेंगे सीमा विवाद पर मंथन

नक्शे और लिपुलेख व्यापार को लेकर बढ़े तनाव के बीच 19-20 अगस्त को होगी दो दिवसीय उच्चस्तरीय बैठक

देहरादून। भारत और नेपाल के बीच सीमा विवाद समेत संवेदनशील मुद्दों पर बातचीत के लिए दोनों देशों के शीर्ष अधिकारी 19 और 20 अगस्त को देहरादून में जुटेंगे। दो दिवसीय उच्चस्तरीय बैठक में सीमा विवाद के साथ लिपुलेख दर्रे के जरिए भारत-चीन व्यापार को लेकर नेपाल के रुख पर भी चर्चा होने की संभावना है।

बैठक में भाग लेने के लिए गृह मंत्रालय के अधिकारियों का दल मंगलवार को देहरादून पहुंच रहा है। इसमें विदेश सेवा से जुड़े अधिकारी भी शामिल हो सकते हैं। वहीं, नेपाल का प्रतिनिधिमंडल भी वार्ता के लिए देहरादून पहुंचेगा। दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण मुद्दों का समाधान तलाशने और आपसी विश्वास बहाली के उपायों पर विचार किया जाएगा।

यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ 17 से 19 अगस्त तक नेपाल की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं। उनकी यात्रा के दौरान दोनों देशों के रक्षा संबंधों को मजबूत करने और पुराने सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने को लेकर बातचीत हो रही है।

इससे पहले 14 अगस्त को लखनऊ में भारत और नेपाल के शीर्ष अधिकारियों की बैठक हुई थी। इसमें सीमा संबंधी विवादों के समाधान के लिए आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर सहमति बनी थी। दोनों देशों के बीच बहने वाली नदियों के प्राकृतिक मार्ग में बदलाव के कारण समय-समय पर सीमा को लेकर मतभेद सामने आते रहे हैं। ऐसे विवादों को कम करने में आधुनिक तकनीक को उपयोगी माना गया है।

नेपाल की ओर से हाल के दिनों में भारत के कुछ हिस्सों पर दावे किए गए हैं। नेपाली मुद्रा के एक और सौ रुपये के नोटों पर विवादित नक्शों को स्थान दिए जाने से भी दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा था। इसके अलावा भारत और चीन के बीच लिपुलेख दर्रे के जरिए व्यापार बढ़ाने के निर्णय का नेपाल ने विरोध किया है। देहरादून की बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा कर समाधान की राह तलाशने की उम्मीद है।

 

Popular Articles