Top 5 This Week

Related Posts

बैंक्वेट हॉल के गल्ले तोड़कर नकदी उड़ाई, तीन एसी आउटर भी ले गए; दो गिरफ्तार

हल्द्वानी। शनि बाजार रोड पर बैंक्वेट हॉल के गल्ले तोड़कर नकदी और एसी आउटर चोरी करने वाले दो आरोपियों को बनभूलपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के एसी आउटर और हजारों रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर को किदवई नगर निवासी मो. अमान ने शिकायत दी थी कि रेलवे फाटक के पास स्थित हुसैनी बैंक्वेट हॉल के दोनों गल्ले तोड़कर करीब 80 हजार से एक लाख रुपये चोरी कर लिए गए। पीछे स्थित मैरिज हॉल से तीन एसी के आउटर भी गायब थे। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी के बाद बीती देर रात गोला बायपास रोड स्थित हिमालयन स्कूल के सामने पुलिया के नीचे से मौ. तौफीक और मौ. मुस्तफा को दबोच लिया। आरोपियों के पास से तीन इन्वर्टर एसी आउटर और 15,600 रुपये बरामद हुए।

कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द्र फर्त्याल के नेतृत्व में की गई। टीम में एसआई मनोज कुमार यादव, एएसआई पुष्कर आर्या, कांस्टेबल सुनील कुमार और दिलशाद अहमद शामिल रहे।

Popular Articles