क्वेटा। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में हथियारबंद हमलावरों ने एक निर्माण स्थल पर हमला कर पंजाब प्रांत के पांच मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना पिशीन जिले के सरानन इलाके में हुई। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
प्रांतीय अधिकारियों के अनुसार, मजदूर एक निर्माणाधीन सड़क परियोजना पर काम कर रहे थे। इसी दौरान हथियारबंद हमलावर वहां पहुंचे और मजदूरों पर गोलियां चला दीं। हमले में पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के रहने वाले बताए गए हैं। एक अन्य मजदूर के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
मोटरसाइकिल से पहुंचे हमलावर
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, हमलावर मोटरसाइकिलों से निर्माण स्थल तक पहुंचे थे। गोलीबारी के बाद वे मौके से फरार हो गए। पुलिस और सुरक्षा बलों ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को अस्पताल पहुंचाया तथा हमलावरों की तलाश में अभियान शुरू किया।
बलूचिस्तान में पिछले कुछ समय से पंजाब और अन्य प्रांतों से आए मजदूरों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं। अलगाववादी हथियारबंद समूहों पर बाहरी प्रांतों से आने वाले श्रमिकों को निशाना बनाने के आरोप लगते रहे हैं। हालांकि, इस हमले की जिम्मेदारी तत्काल किसी संगठन ने नहीं ली है।
क्षेत्र में बढ़ी सुरक्षा चिंता
पिशीन का सरानन क्षेत्र पहले भी हिंसक घटनाओं का सामना कर चुका है। अधिकारियों के अनुसार, कुछ दिन पहले इसी इलाके में एक पुलिस थाने को भी निशाना बनाया गया था। लगातार हो रही घटनाओं ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
बलूचिस्तान सरकार ने मजदूरों की हत्या की निंदा की है। अधिकारियों ने कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे सक्रिय समूह और इसके कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।





