नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की सराहना की है। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर हुई गंभीर घटना के दौरान कैप्टन मछार घायल हो गए, लेकिन उन्होंने स्थिति को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री ने उन्हें ‘हीरो’ बताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में उड़ान के दौरान सह-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन मछार पर हमला किया। घटना के बाद विमान अचानक तेजी से नीचे आने लगा। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मछार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, जिसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने हमलावर को काबू करने में मदद की।
इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। रिपोर्ट के अनुसार, विमान में 174 यात्री सवार थे। घटना के दौरान दो अन्य पायलट, जो यात्री के रूप में विमान में मौजूद थे, कॉकपिट में पहुंचे और विमान को सुरक्षित उतारने में मदद की।
पीएम मोदी ने की सराहना
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कैप्टन मछार के साहस की प्रशंसा करते हुए कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए साहस और दृढ़ संकल्प दिखाया। उन्होंने कहा कि उनकी बहादुरी से बड़ी त्रासदी टलने में मदद मिली।
कैप्टन मछार का सऊदी अरब के तबुक स्थित अस्पताल में इलाज चल रहा है। भारतीय दूतावास उनके स्वास्थ्य और परिवार के संपर्क में है।
घटना की परिस्थितियों और सह-पायलट की कथित कार्रवाई की जांच की जा रही है।





