देहरादून। उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा ने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी की प्रदेश कोर कमेटी के सामने आए 15 दावेदारों के नाम केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड को भेज दिए गए हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व जल्द ही प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर सकता है।
महेंद्र भट्ट ने बताया कि कोर कमेटी में सामने आए सभी 15 नामों पर विचार के बाद उन्हें केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजा गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक-दो दिन के भीतर प्रत्याशी की घोषणा हो सकती है। प्रत्याशी को निर्धारित समय के भीतर नामांकन दाखिल करना होगा। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर है।
16 अक्टूबर को होगा मतदान
उत्तराखंड की राज्यसभा सीट पर चुनाव के लिए 29 सितंबर को अधिसूचना जारी हो चुकी है। नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है, जबकि 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और इसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना शुरू होगी।
यह सीट मौजूदा राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर को पूरा होने के बाद रिक्त होगी। भाजपा ने इस सीट के लिए संगठन स्तर पर पहले ही मंथन शुरू कर दिया था। 25 सितंबर को हुई कोर कमेटी की बैठक में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की गई थी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार अब केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड की ओर से अंतिम नाम तय किया जाना है। प्रत्याशी की घोषणा के बाद वह 6 अक्टूबर तक अपना नामांकन दाखिल करेगा।





