Top 5 This Week

Related Posts

बदरीनाथ में तपस्या के लिए 25 साधुओं ने मांगी अनुमति, सत्यापन के बाद ही मिलेगा प्रवेश

ज्योतिर्मठ (चमोली)। भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद अब यहां तपस्या करने के इच्छुक साधु-संतों ने प्रशासन से अनुमति मांगी है। इस वर्ष अब तक 25 साधुओं ने धाम में रहने के लिए आवेदन किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुलिस सत्यापन और पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही साधुओं को यहां निवास की अनुमति दी जाएगी।

बदरीनाथ मंदिर के कपाट 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए थे। इसके बाद धाम में प्रशासन की अनुमति के बिना किसी भी व्यक्ति के ठहरने पर प्रतिबंध है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत शीतकाल में यहां केवल भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के कर्मचारी ही मौजूद रहते हैं।

उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि तपस्या के उद्देश्य से अब तक 25 साधुओं के आवेदन प्राप्त हुए हैं। सभी आवेदकों का पुलिस सत्यापन कराया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही उन्हें धाम में रहने की अनुमति दी जाएगी।

अतिक्रमण के मामलों के बाद प्रशासन सतर्क

प्रशासन के अनुसार, पूर्व में कुछ साधुओं को धाम में रहने की अनुमति दी गई थी, लेकिन बाद में अतिक्रमण के मामले सामने आए। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार अनुमति देने की प्रक्रिया को सख्त किया गया है। प्रशासन किसी भी व्यक्ति को बिना जांच और अनुमति के धाम में ठहरने की इजाजत नहीं देगा।

माइनस तापमान में करते हैं साधना

शीतकाल में बदरीनाथ धाम पूरी तरह बर्फ से ढक जाता है। यहां कई फीट तक बर्फ जमने के साथ तापमान शून्य से नीचे चला जाता है। इसके बावजूद तपस्या करने वाले साधु अपनी कुटिया और गुफाओं में रहकर साधना करते हैं।

बीते वर्ष यहां तपस्या करने वाले एक साधु के अनुसार, वे बर्फ से ढकी पगडंडियों से होकर तप्तकुंड पहुंचते हैं और नियमित स्नान व पूजा-पाठ के बाद साधना में लीन रहते हैं। कठिन मौसम के बावजूद साधु-संतों की तपस्या की परंपरा यहां जारी रहती है।

Popular Articles