Top 5 This Week

Related Posts

नेपाल में बाढ़ से तबाही, मृतकों की संख्या 1,127 पहुंची; 4,858 लोग अब भी लापता

काठमांडू, 2 सितंबर। नेपाल में 26 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ के बाद हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,127 हो गई है, जबकि 4,858 लोग अब भी लापता हैं। नेपाल पुलिस के अनुसार, प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

बाढ़ के बाद विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में शव बरामद किए गए हैं। नेपाल पुलिस के मुताबिक चितवन से 348, नवलपरासी पूर्व से 217, नवलपरासी पश्चिम से 190, नुवाकोट से 155, गोरखा से 66, धादिंग से 59, रसुवा से 45 और तनहूं से 38 शव बरामद हुए हैं। भारत में भी नौ शव मिलने की जानकारी दी गई है।

पुलिस के अनुसार, बरामद शवों में से 1,113 का पोस्टमार्टम और कानूनी पहचान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि 95 शव परिजनों को सौंपे जा चुके हैं। पहचान में मदद के लिए 911 अज्ञात शवों से जुड़ी जानकारी नेपाल पुलिस की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 7,912 पुलिसकर्मी खोज, बचाव और राहत कार्यों में लगाए गए हैं। सुरक्षा बल अब तक 6,541 लोगों को सुरक्षित निकाल चुके हैं। इसके अलावा जोखिम वाले इलाकों में रह रहे परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और मलबे से बंद सड़कों को खोलने का काम भी जारी है।

यह आपदा हिमालयी क्षेत्र में हुए बर्फ और चट्टानों के बड़े भूस्खलन के बाद आई बाढ़ से जुड़ी है। इससे भोटेकोशी नदी के आसपास के कई इलाकों में भारी तबाही हुई। सड़कें, पुल, बस्तियां, सीमा व्यापार सुविधाएं और जलविद्युत परियोजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।

बड़ी संख्या में लोगों के अब भी लापता होने से परिजनों की चिंता बढ़ी हुई है। बचाव दल मलबे और नदी के आसपास लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं।

 

Popular Articles