Top 5 This Week

Related Posts

नितिन नबीन का उत्तराखंड दौरा 9 सितंबर से, चुनावी तैयारियों की होगी समीक्षा; विधायकों का रिपोर्ट कार्ड भी खंगालेगी भाजपा

देहरादून, 2 सितंबर। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 9 और 10 सितंबर को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वह प्रदेश संगठन के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति की समीक्षा करेंगे।

नितिन नबीन के दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व की कोशिश है कि चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय किया जाए। साथ ही सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर चुनावी तैयारियों को गति दी जाए।

विधायकों के प्रदर्शन की होगी समीक्षा

दौरे के दौरान पार्टी के विधायकों के प्रदर्शन और उनके विधानसभा क्षेत्रों में राजनीतिक स्थिति का भी आकलन किया जा सकता है। भाजपा यह जानने की कोशिश करेगी कि जनप्रतिनिधियों की जनता के बीच पकड़ कैसी है और सरकार की योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर कितनी प्रभावी ढंग से पहुंच रहा है।

इससे पहले पार्टी विधानसभा क्षेत्रवार संगठन की सक्रियता, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल तथा स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों की समीक्षा पर जोर दे चुकी है।

जीत की हैट्रिक पर नजर

भाजपा उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पहले भी कह चुके हैं कि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के कामकाज और प्रदेश की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अलग रणनीति अपनाई जाएगी। उन्होंने उत्तराखंड के लिए किसी दूसरे राज्य का चुनावी मॉडल लागू करने के बजाय ‘धामी मॉडल’ को प्रभावी बताया था।

नबीन के दौरे में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और संगठन के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी तैयारियों पर विस्तार से मंथन होने की संभावना है। पार्टी कमजोर विधानसभा क्षेत्रों की पहचान कर वहां संगठन को मजबूत करने और चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की दिशा में भी कदम बढ़ा सकती है।

दौरे को भाजपा के 2027 विधानसभा चुनावी मिशन की तैयारियों को धार देने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

 

Popular Articles