Top 5 This Week

Related Posts

नशा मुक्त भारत अभियान को मिलेगी आध्यात्मिक संगठनों की ताकत, चार संस्थाओं के साथ सरकार ने किया समझौता

नई दिल्ली। देश को नशामुक्त बनाने के अभियान को मजबूत करने के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने चार प्रमुख आध्यात्मिक संगठनों के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) किया है। यह साझेदारी नशा मुक्त भारत अभियान (NMBA) के तहत जागरूकता, नशे की रोकथाम और पुनर्वास के प्रयासों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।

मंत्रालय के अनुसार, अध्यात्म विज्ञान सत्संग केंद्र, चिन्मय मिशन, दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान और हरे कृष्ण मूवमेंट इस अभियान में नए साझेदार बने हैं। समझौते पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत और विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए।

सुधांश पंत ने कहा कि आध्यात्मिक और मूल्य आधारित संगठनों की व्यापक पहुंच का उपयोग नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने में किया जा सकता है। उन्होंने संगठनों से अपने नेटवर्क के माध्यम से खासकर ग्रामीण और जमीनी स्तर पर नशे से बचाव, उपचार और पुनर्वास का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।

मंत्रालय के मुताबिक, आध्यात्मिक संगठनों के साथ साझेदारी का उद्देश्य नशे से जुड़े सामाजिक कलंक को कम करना, प्रभावित लोगों को समय पर उपचार और पुनर्वास के लिए प्रेरित करना तथा परिवारों और समुदायों में जागरूकता बढ़ाना है। योग, ध्यान, आध्यात्मिक परामर्श और मूल्य आधारित जीवनशैली को भी अभियान से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिनिधियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। मंत्रालय ने संगठनों से अपने प्रमुख कार्यक्रमों और सार्वजनिक आयोजनों में भी यह शपथ दिलाने का आग्रह किया।

मंत्रालय पहले ही आर्ट ऑफ लिविंग, ब्रह्माकुमारीज, संत निरंकारी मिशन, इस्कॉन, श्री रामचंद्र मिशन, ऑल वर्ल्ड गायत्री परिवार, यूनिवर्सिटी ऑफ पतंजलि और शिवानंद योग वेदांत धन्वंतरि आश्रम सहित कई संस्थाओं के साथ साझेदारी कर चुका है।

 

Popular Articles