Top 5 This Week

Related Posts

नर्मदा में डूबी होमगार्ड की मोटरबोट, 15 जवान थे सवार; सभी सुरक्षित

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में ग्वारीघाट के पास शुक्रवार को नर्मदा नदी में पेट्रोलिंग के दौरान होमगार्ड की मोटरबोट अचानक डूब गई। हादसे के समय नाव में करीब 15 होमगार्ड जवान और आपदा प्रबंधन दल के सदस्य सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी और स्थानीय नाविकों की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, बरगी बांध के 13 गेट खोले जाने के बाद नर्मदा का जलस्तर बढ़ गया था और नदी का बहाव भी काफी तेज था। इसी दौरान ग्वारीघाट क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी के लिए होमगार्ड की टीम मोटरबोट से पेट्रोलिंग कर रही थी। नदी की बीच धार में पहुंचते ही मोटरबोट का इंजन बंद हो गया। तेज बहाव के कारण नाव नियंत्रण खो बैठी और उसमें पानी भरने लगा। कुछ ही देर में मोटरबोट नदी में डूब गई।

हादसे के दौरान नाव पर सवार जवानों ने मदद के लिए आवाज लगाई। उनकी पुकार सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय नाविक तुरंत अपनी नाव लेकर मौके पर पहुंचे और तेज बहाव के बीच फंसे जवानों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया। लाइफ जैकेट पहने होने के कारण सभी की जान बच गई।

होमगार्ड अधिकारियों के अनुसार मोटरबोट की क्षमता करीब आठ लोगों की थी, जबकि उसमें लगभग 15 लोग सवार थे। क्षमता से अधिक लोगों को नाव में बैठाने के मामले में जांच के निर्देश दिए गए हैं। घटना के बाद नाव चालक नीरज कुमार सिंह को निलंबित किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

प्रारंभिक तौर पर इंजन बंद होने और चालक की संभावित लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। चालक के नशे में होने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल जांच और जांच पूरी होने के बाद ही होगी। प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Popular Articles