Top 5 This Week

Related Posts

नंदा देवी महोत्सव का आज समापन, श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर हल्द्वानी से नैनीताल भेजी गईं 19 बसें

नैनीताल। नैनीताल में आयोजित 124वें नंदा देवी महोत्सव का बुधवार को समापन होगा। समापन कार्यक्रम में मां नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम ने हल्द्वानी-काठगोदाम डिपो से नैनीताल के लिए 19 अतिरिक्त बसों का संचालन किया है।

मंगलवार को भी हल्द्वानी बस स्टेशन पर नैनीताल जाने वाले यात्रियों की काफी भीड़ रही। समापन दिवस पर श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना को देखते हुए परिवहन निगम ने अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था की। एआरएम संजय पांडे के अनुसार, हल्द्वानी-काठगोदाम डिपो की 19 बसों को नैनीताल रूट पर लगाया गया है। इन बसों से दो-दो फेरे कराए गए।

शोभायात्रा के साथ होगा महोत्सव का समापन

नैनीताल में 16 सितंबर से चल रहे महोत्सव के अंतिम दिन सुबह मां नंदा-सुनंदा की पूजा-अर्चना और आरती होगी। इसके बाद कन्या पूजन और भोग का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दोपहर में मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों को डोले में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया जाएगा।

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। नगर भ्रमण के बाद मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों का शिप्रा नदी में विधि-विधान से विसर्जन किया जाएगा। इसके साथ ही आठ दिवसीय महोत्सव का समापन हो जाएगा।

महोत्सव के दौरान नैनीताल में श्रद्धालुओं की लगातार भीड़ रही। मां नंदा-सुनंदा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ कुमाऊं की लोक संस्कृति की भी झलक देखने को मिली।

Popular Articles