नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिसंबर में कनाडा दौरे की संभावना है। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा है कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को इस वर्ष के अंत तक अंतिम रूप देने की दिशा में बातचीत आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि वह दिसंबर में पीएम मोदी की मेजबानी के लिए उत्सुक हैं।
मार्क कार्नी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सत्र से इतर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भारत और कनाडा के बीच व्यापार वार्ता में अच्छी प्रगति हो रही है। उन्होंने भारत-कनाडा संबंधों को लोगों के बीच संपर्क, सुरक्षा तथा व्यापार एवं आर्थिक सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। हालांकि, पीएम मोदी की यात्रा की सटीक तारीख अभी तय नहीं हुई है।
अक्टूबर में वार्ता का अगला दौर
भारत और कनाडा के बीच प्रस्तावित व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) को लेकर बातचीत तेज की जा रही है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने हाल में बताया था कि दोनों देशों ने वार्ता को तेज करने पर सहमति जताई है। बातचीत का अगला दौर 5 अक्टूबर से शुरू होने वाला है।
दोनों देशों ने इस वर्ष के अंत तक CEPA वार्ता पूरी करने का लक्ष्य रखा है। मार्च 2026 में प्रधानमंत्री मोदी और मार्क कार्नी की बैठक के दौरान भी दोनों पक्षों ने व्यापार वार्ता में तेजी लाने और समझौते को 2026 में पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई थी।
दिसंबर में जी-20 के दौरान मुलाकात की संभावना
दिसंबर में प्रस्तावित यात्रा का समय जी-20 शिखर सम्मेलन के आसपास बताया जा रहा है। कनाडाई प्रधानमंत्री के अनुसार, दोनों देशों ने इस वर्ष जी-20 तक व्यापार वार्ता पूरी करने का लक्ष्य रखा है। ऐसे में पीएम मोदी और कार्नी की मुलाकात के दौरान व्यापार समझौते को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति हो सकती है।
भारत और कनाडा के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के साथ ऊर्जा, रक्षा, प्रतिभा एवं नवाचार जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने पर बातचीत चल रही है। दोनों देशों ने 2026 में CEPA वार्ता पूरी करने का साझा लक्ष्य रखा है।




