Top 5 This Week

Related Posts

दिनदहाड़े चोरी, एक हफ्ते बाद भी खाली हाथ पुलिस! महिलाओं का थाने में हंगामा

हल्द्वानी। साईं मंदिर कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई चोरी का एक सप्ताह बाद भी सुराग नहीं मिलने से लोगों का सब्र जवाब देने लगा है। बुधवार को बड़ी संख्या में महिलाएं मुखानी थाने पहुंचीं और पुलिस के सामने नाराजगी जताते हुए चोरी का जल्द खुलासा करने की मांग की। महिलाओं ने कहा कि जब सीसीटीवी में संदिग्ध के दिखाई देने की बात सामने आ रही है तो पुलिस अब तक आरोपी तक क्यों नहीं पहुंच पाई।

जानकारी के अनुसार करीब एक सप्ताह पहले कॉलोनी निवासी सुनील के घर की झोपड़ी तोड़कर अज्ञात चोर दिनदहाड़े नगदी और जेवरात लेकर फरार हो गया था। घटना के बाद पीड़ित की ओर से संबंधित पुलिस चौकी में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि घटना के बाद पुलिस ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया था, लेकिन सात दिन गुजरने के बावजूद चोरी का खुलासा नहीं हो सका। महिलाओं के मुताबिक आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी के बाद संदिग्ध के जाते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है। इसके बावजूद आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी न होने से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।

महिलाओं ने पुलिस अधिकारियों से सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्ध की पहचान करने, चोरी का सामान बरामद करने और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Popular Articles