Top 5 This Week

Related Posts

कुंभ और विधानसभा चुनाव से पहले सीएम धामी की सुरक्षा होगी और सुदृढ़, इंटेलीजेंस ने कसी कमर

देहरादून, 16 सितंबर। आगामी कुंभ मेला और विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तराखंड में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सुरक्षा से लेकर धार्मिक और सरकारी आयोजनों की निगरानी तक, इंटेलीजेंस स्तर पर कई अहम कदम उठाए जा रहे हैं। डीजीपी दीपम सेठ की अध्यक्षता में हुई इंटेलीजेंस अधिकारियों की बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे जिलों में संदिग्ध गतिविधियों, घुसपैठ और राष्ट्रविरोधी तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने पर जोर दिया गया। इसके लिए आईटीबीपी, एसएसबी, सेना, आईबी, राज्य पुलिस और एटीएस के अधिकारियों के बीच उच्चस्तरीय इंटर एजेंसी समन्वय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

चारधाम यात्रा और कुंभ पर विशेष फोकस

वर्तमान में चल रही चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं। आगामी कुंभ मेले और अन्य बड़े धार्मिक आयोजनों के सुचारु एवं सुरक्षित संचालन के लिए ठोस सुरक्षा कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है।

सीएम और वीआईपी कार्यक्रमों की सुरक्षा बढ़ेगी

विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी नेताओं के दौरे बढ़ने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। चुनावी सभाओं और बड़े नेताओं के कार्यक्रमों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है।

सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी

बैठक में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक और संवेदनशील खबरों को लेकर भी चिंता जताई गई। इंटेलीजेंस को धार्मिक आयोजनों और चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भ्रामक सूचनाओं की पहचान और सही जानकारी समय पर लोगों तक पहुंचाने के लिए फैक्ट-चेक व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया गया।

Popular Articles