अमृतसर। पंजाब पुलिस ने भारत-पाक सीमा से जुड़े अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से आठ विदेशी पिस्तौल और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपित पाकिस्तान में बैठे तस्करों के संपर्क में थे और ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप पंजाब में मंगाई जा रही थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में आए थे। इसके बाद अटारी सेक्टर और सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन से हथियार गिराए जाते थे, जिन्हें आरोपित उठाकर पंजाब के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते थे।
अमृतसर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक विदेशी हथियारों की बड़ी खेप लेकर शहर में पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर आरोपितों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से विदेशी निर्मित पिस्तौल, कारतूस और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई।
जांच में यह भी पता चला है कि गिरोह बेरोजगार युवाओं को लालच देकर अपने नेटवर्क में शामिल कर रहा था। पुलिस का कहना है कि यह नेटवर्क पंजाब में अपराधियों तक आधुनिक हथियार पहुंचाने का काम कर रहा था। बरामद हथियारों में ऑस्ट्रिया, इटली और अमेरिका निर्मित पिस्तौल शामिल बताई जा रही हैं।
पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अब तक कितने हथियार पंजाब में सप्लाई किए जा चुके हैं और किन अपराधियों तक इन्हें पहुंचाया गया।






