न्यूयॉर्क। संयुक्त राष्ट्र में भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को आतंकवाद और कश्मीर मुद्दे पर कड़ी फटकार लगाई है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने पाकिस्तान पर सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि आतंकवाद का समर्थन करने वाले देशों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ते हैं।
पी. हरीश ने संयुक्त राष्ट्र में अपने संबोधन के दौरान कहा कि जम्मू–कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है तथा पाकिस्तान को इस मुद्दे पर अनावश्यक बयानबाजी बंद करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत आतंकवाद के खिलाफ “शून्य सहिष्णुता” की नीति पर कायम है और किसी भी प्रकार के आतंकी समर्थन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भारत ने पाकिस्तान पर संयुक्त राष्ट्र के मंच का दुरुपयोग करने का आरोप भी लगाया। भारतीय प्रतिनिधि ने कहा कि दुनिया जानती है कि आतंकवादी संगठनों को पनाह देने और वित्तीय सहायता देने में पाकिस्तान की क्या भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय अब आतंकवाद को लेकर दोहरा रवैया स्वीकार नहीं करेगा।





