Top 5 This Week

Related Posts

ट्रैफिक जाम और नशे के खिलाफ उठी आवाज, आईजी को सौंपा ज्ञापन

हल्द्वानी। शहर में बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या और युवाओं में फैलते नशे के कारोबार को लेकर समाजसेवी विशाल वर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी तथा पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने कुमाऊं परिक्षेत्र की आईजी निवेदिता कुकरेती से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने दोनों गंभीर मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए शहरवासियों की परेशानियों से अवगत कराया।

समाजसेवी विशाल वर्मा ने बताया कि रोजाना लगने वाले भीषण जाम के कारण स्कूल बसों, एम्बुलेंस और आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि वार्ड नंबर-19 स्थित सिंधी चौराहे से रोडवेज और निजी बसों का संचालन बंद कर उन्हें बरेली रोड होते हुए मंडी बाईपास मार्ग से संचालित किया जाए, ताकि शहर के भीतर यातायात का दबाव कम हो सके।

वहीं, अंजलि वर्मा ने युवाओं में तेजी से बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि पुलिस की कार्रवाई के बावजूद कई क्षेत्रों में नशे का कारोबार जारी है, जिससे युवा पीढ़ी का भविष्य प्रभावित हो रहा है और अपराध की घटनाओं को भी बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने नशा तस्करों के खिलाफ और अधिक सख्त अभियान चलाने की मांग की।

आईजी निवेदिता कुकरेती ने दोनों मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने और नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही रामपुर रोड से गुजरने वाली रोडवेज एवं निजी बसों को बरेली रोड होते हुए मंडी बाईपास मार्ग से संचालित करने के प्रस्ताव पर भी सकारात्मक सहमति जताई गई।

Popular Articles