Top 5 This Week

Related Posts

टिहरी के गूलर में भीषण बस हादसा: पुल से 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बस, आठ यात्रियों की मौत, 26 घायल

टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल हो गए। बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ सेवा की यह बस मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे हरिद्वार से चमोली जिले के कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 4:30 बजे गूलर बाजार के समीप चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बस पुल से नीचे जा गिरी।

एसडीआरएफ और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने भी राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनास्थल दुर्गम होने के कारण बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जवानों ने घायलों को स्ट्रेचर की मदद से खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल भेजा गया।

एसडीआरएफ के अनुसार, हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। कुल 26 घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया।

डीएम और एसएसपी पहुंचे घटनास्थल

हादसे की गंभीरता को देखते हुए टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए। एसडीआरएफ कमांडेंट अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त बचाव टीमें भी तैनात की गईं।

प्रशासन और पुलिस की टीमों ने घटनास्थल के आसपास तलाशी अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया कि कोई यात्री खाई में फंसा न रह जाए। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस दुर्घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।

Popular Articles