Top 5 This Week

Related Posts

छह साल बाद ब्रिटेन लौटेंगे प्रिंस हैरी और मेघन, बच्चों की पढ़ाई भी यहीं होगी

लंदन। ब्रिटेन के राजपरिवार से अलग होकर अमेरिका में रह रहे प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेघन मार्कल जल्द ही ब्रिटेन लौटने की तैयारी में हैं। ब्रिटिश मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, ड्यूक और डचेस ऑफ ससेक्स अगस्त के अंत में अपने दोनों बच्चों—प्रिंस आर्ची और प्रिंसेस लिलिबेट—के साथ ब्रिटेन लौटेंगे। परिवार यहां लंबे समय तक रहने की योजना बना रहा है।

रिपोर्टों के अनुसार, हैरी और मेघन लंदन से बाहर एक निजी और गैर-शाही आवास में रहेंगे। उनके सात वर्षीय बेटे आर्ची और पांच वर्षीय बेटी लिलिबेट का ब्रिटेन के स्कूलों में दाखिला कराया जा चुका है और दोनों सितंबर से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत करेंगे। हालांकि, सुरक्षा कारणों से उनके नए घर और स्कूल के स्थान की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

2020 में छोड़ा था ब्रिटेन

हैरी और मेघन ने 2020 में वरिष्ठ शाही सदस्यों की भूमिका से पीछे हटने का फैसला किया था। इसके बाद दोनों अमेरिका चले गए और कैलिफोर्निया में रहने लगे। वहां उन्होंने शाही जिम्मेदारियों से अलग अपनी आर्थिक और सामाजिक गतिविधियां जारी रखीं। अब करीब छह साल बाद उनका ब्रिटेन लौटना राजपरिवार के लिहाज से अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।

चार्ल्स को दी गई जानकारी

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, किंग चार्ल्स तृतीय को हैरी और मेघन की वापसी की जानकारी दी जा चुकी है। पिछले महीने हैरी और उनके पिता की ब्रिटेन में मुलाकात भी हुई थी। इस घटनाक्रम को दोनों के रिश्तों में सुधार की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, प्रिंस विलियम के साथ हैरी के संबंधों में तनाव अभी भी बना हुआ है।

शाही जिम्मेदारियां नहीं संभालेंगे

ब्रिटेन लौटने के बावजूद हैरी और मेघन के शाही परिवार के कामकाजी सदस्यों के रूप में वापसी करने की संभावना नहीं है। वे गैर-कामकाजी शाही सदस्य के रूप में ही रहेंगे। बकिंघम पैलेस ने गैर-कामकाजी शाही सदस्यों से जुड़े मामलों पर टिप्पणी करने की अपनी नीति के अनुरूप इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

परिवार कैलिफोर्निया स्थित अपना घर भी बरकरार रखेगा। ब्रिटेन वापसी को हैरी के अपने परिवार से नजदीकी बढ़ाने और बच्चों को ब्रिटिश परिवेश से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

 

Popular Articles