Top 5 This Week

Related Posts

चमोली में बादल फटने से तबाही, तमक नाले में बहा पुल; BRO कर्मी लापता

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले की नीती घाटी में सोमवार को भारी बारिश के बाद तमक नाले में अचानक उफान आ गया। तेज जलप्रवाह और मलबे की चपेट में आने से नाले पर बना वैली ब्रिज बह गया। हादसे में सीमा सड़क संगठन (BRO) का एक कर्मचारी लापता बताया जा रहा है।

तमक नाले में पानी का बहाव इतना तेज था कि पुल कुछ ही देर में पूरी तरह बह गया। पुल के क्षतिग्रस्त होने से ज्योतिर्मठ-मलारी मार्ग पर आवाजाही बाधित हो गई है और मलारी की ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। क्षेत्र में कई वाहनों के मलबे में दबे होने की भी जानकारी सामने आई है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। चमोली पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे से तमक क्षेत्र में लापता BRO कर्मचारी की तलाश तेज कर दी गई। खोज अभियान में स्थानीय लोग भी सहयोग कर रहे हैं।

नाले में पानी का स्तर कम होने के बाद मौके पर तबाही का मंजर दिखाई दिया। चारों ओर मलबा फैला हुआ है और BRO के वाहन भी मलबे में दबे बताए जा रहे हैं। राहत दल लापता कर्मचारी की तलाश के साथ ही प्रभावित क्षेत्र का जायजा ले रहे हैं।

प्रशासन ने लोगों से स्थिति सामान्य होने तक प्रभावित मार्ग पर आवाजाही नहीं करने की अपील की है। नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

Popular Articles