Top 5 This Week

Related Posts

गंदगी और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन, सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी का लाइसेंस निलंबित

नई दिल्ली। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने गंभीर स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा उल्लंघनों के चलते सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निरीक्षण के दौरान खाद्य परिसर में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कंपनी का अनुपालन स्कोर महज 30 प्रतिशत रहा, जिसे नियमों के अनुसार गैर-अनुपालन की श्रेणी में रखा गया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य तैयार करने वाले क्षेत्रों में पानी जमा होने, दुर्गंध, गंदगी और साफ-सफाई की कमी पाई गई। अधिकारियों को टमाटर, पपीता, गुड़ और काजू समेत कई खाद्य सामग्री खराब अवस्था में मिली, जिन पर फफूंद लगी थी। इसके अलावा सड़ी हुई शिमला मिर्च और खराब हो चुका खाद्य तेल भी पाया गया।

जांच में खाद्य पदार्थों के भंडारण से जुड़ी कई कमियां भी सामने आईं। मांसाहारी और शाकाहारी खाद्य पदार्थों के उचित अलगाव का पालन नहीं किया जा रहा था। कोल्ड स्टोरेज में भी खामियां पाई गईं। इसके साथ ही परिसर में कॉकरोच और मक्खियां मिलने से कीट नियंत्रण व्यवस्था पर भी सवाल उठे।

FSSAI के मुताबिक, परिसर में स्वच्छता, रिकॉर्ड रखरखाव और पानी की जांच से जुड़े नियमों का भी पालन नहीं किया गया था। निरीक्षण के दौरान करीब 74 किलोग्राम/लीटर गैर-अनुपालक खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को देखते हुए FSSAI ने सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और निलंबन अवधि के दौरान सभी खाद्य कारोबार गतिविधियां बंद रखने का निर्देश दिया है।

Popular Articles