Top 5 This Week

Related Posts

गंगोत्री हाईवे पर भीषण हादसा: गंगनानी के पास नदी में समाई गुजरात के यात्रियों की कार, चार की मौत; दो लापता

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। गंगनानी के पास यात्रियों से भरी इनोवा कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए नदी में समा गई। हादसे में अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो अन्य यात्रियों की तलाश जारी है। वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक समेत कुल सात लोग सवार थे।

गंगोत्री धाम जा रहे थे यात्री

जानकारी के अनुसार, वाहन गुरुवार सुबह हिना क्षेत्र से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुआ था। गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर बढ़ते समय अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते कार गहरी खाई में गिरकर नदी में जा समाई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

जिला आपदा प्रबंधन केंद्र को सुबह करीब 7:21 बजे दुर्घटना की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव दल ने नदी किनारे तलाशी अभियान शुरू किया। अब तक चार यात्रियों के शव बरामद किए गए हैं। लापता दो लोगों की तलाश के लिए जल पुलिस और गोताखोरों की मदद ली जा रही है।

नदी का बहाव तेज होने के कारण बचाव अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने एनडीआरएफ की 27 सदस्यीय टीम को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया।

घायल को पहुंचाया गया सड़क तक

हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है। स्थानीय पुलिस और आपदा स्वयंसेवकों की मदद से उसे सड़क तक पहुंचाने का प्रयास किया गया, ताकि तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

जिला प्रशासन ने चिकित्सा दल को अलर्ट पर रखा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, प्रशासन पीड़ितों के परिजनों से संपर्क करने में जुटा है।

Popular Articles