Top 5 This Week

Related Posts

खराब मौसम ने रोकी हवाई सेवाओं की रफ्तार, देहरादून आने वाली पांच उड़ानें डायवर्ट

देहरादून। खराब मौसम के चलते बुधवार को जौलीग्रांट स्थित देहरादून एयरपोर्ट पर हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। सुबह से शाम तक विभिन्न शहरों से देहरादून आने वाली पांच उड़ानों को मौसम की खराब स्थिति के कारण चंडीगढ़, अमृतसर और दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। उड़ानों के डायवर्ट होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

एयरपोर्ट पर सुबह के समय दृश्यता घटकर महज 800 मीटर रह गई थी। इसके चलते देहरादून पहुंचने वाली कई उड़ानों ने एयरपोर्ट के आसपास आसमान में चक्कर लगाए। मौसम में सुधार नहीं होने पर इन्हें दूसरे एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया। कुछ उड़ानें डायवर्ट किए गए शहरों से कई घंटे की देरी के बाद वापस देहरादून पहुंचीं।

जानकारी के अनुसार, सुबह 9:50 बजे दिल्ली से देहरादून आने वाली इंडिगो की उड़ान को चंडीगढ़ भेजा गया। 9:55 बजे मुंबई से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को अमृतसर डायवर्ट किया गया। इसके बाद 10:20 बजे दिल्ली से देहरादून आने वाली एयर इंडिया की उड़ान को वापस दिल्ली भेजना पड़ा।

इसी क्रम में सुबह 11 बजे मुंबई से देहरादून आने वाली इंडिगो की उड़ान को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया। दोपहर 12:50 बजे हैदराबाद से देहरादून आने वाली फ्लाइट का रुख भी चंडीगढ़ की ओर कर दिया गया। उड़ानों के समय पर नहीं पहुंचने से उनकी वापसी सेवाएं भी प्रभावित हुईं।

उत्तराखंड में लगातार खराब मौसम के बीच देहरादून और बागेश्वर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया था। मौसम विभाग ने बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना जताई थी। ऐसे में एयरपोर्ट पर कम दृश्यता और प्रतिकूल मौसम के कारण हवाई सेवाओं के संचालन पर असर पड़ा।

एयरपोर्ट प्रशासन और विमानन कंपनियों की ओर से यात्रियों को मौसम के मद्देनजर अपनी उड़ान की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

Popular Articles