Top 5 This Week

Related Posts

केदारनाथ पैदल मार्ग पर मलबा गिरने से आवाजाही बंद, सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोके गए यात्री

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा पर शनिवार सुबह बारिश ने फिर बाधा डाल दी। चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने के कारण पैदल मार्ग अवरुद्ध हो गया। घटना के बाद यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने सोनप्रयाग और गौरीकुंड में श्रद्धालुओं को रोक दिया है।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में शुक्रवार रात हुई बारिश के कारण पहाड़ी से मलबा और बड़े पत्थर रास्ते पर आ गए। शनिवार सुबह इसकी सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दी गई। इसके बाद डीडीएमए गुप्तकाशी के अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया गया।

मौसम साफ होने का इंतजार

डीडीएमए के अधिकारियों के मुताबिक क्षेत्र में बारिश जारी है। मौसम सामान्य होने के बाद मार्ग से मलबा और पत्थर हटाने का काम शुरू किया जाएगा। फिलहाल रास्ते पर आवाजाही रोककर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें सोनप्रयाग और गौरीकुंड में सुरक्षित स्थानों पर रोका है। मार्ग साफ होने और यात्रा के लिए सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही श्रद्धालुओं को आगे जाने की अनुमति दी जाएगी।

लगातार बारिश के चलते केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन और मलबा आने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मार्ग की स्थिति पर लगातार निगरानी रख रही हैं। यात्रियों से मौसम और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Popular Articles