Top 5 This Week

Related Posts

केदारताल में लापता आठ लोगों की तलाश जारी, रेस्क्यू टीम को मिले टेंट और बैग; बर्फबारी से अभियान प्रभावित

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रैक पर हिमस्खलन के बाद लापता हुए सात पर्वतारोहियों और एक स्थानीय गाइड की तलाश लगातार जारी है। सोमवार को नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की संयुक्त टीम को कच्ची ढांग और केदारखरक के आसपास लापता दल के टेंट, बैग और अन्य सामान मिले। हालांकि, आठों लोगों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

जानकारी के अनुसार, 12 सदस्यीय दल 27 अक्टूबर को गंगोत्री से केदारताल ट्रैक के लिए रवाना हुआ था। इसमें सात पर्वतारोही और पांच सहयोगी सदस्य शामिल थे। दल को 29 अक्टूबर को वापस लौटना था, लेकिन रास्ते में भारी बर्फबारी और हिमस्खलन के कारण वापसी का मार्ग बंद हो गया। तीन पोर्टर और एक कुक सुरक्षित लौट आए थे, जबकि सात पर्वतारोहियों और गाइड से संपर्क टूट गया।

हेलीकॉप्टर से उतारी गई प्रशिक्षित टीम

लापता लोगों की तलाश के लिए सोमवार को निम और एसडीआरएफ के आठ प्रशिक्षित जवानों को हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्र में उतारा गया। दूसरी टीम ने पैदल रास्ते से तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान टेंट और बैग तो मिले, लेकिन लापता लोगों का पता नहीं चल सका।

खराब मौसम बना सबसे बड़ी चुनौती

क्षेत्र में लगातार बर्फबारी, कम दृश्यता और हिमस्खलन के खतरे के कारण बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। सोमवार दोपहर बाद मौसम बिगड़ने पर अभियान रोकना पड़ा। बचाव दल के सदस्य फिलहाल बेस कैंप में हैं और मौसम अनुकूल होने पर तलाश दोबारा शुरू की जाएगी।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के अनुसार, प्रशासन सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर अभियान चला रहा है। लापता लोगों के परिजनों को भी स्थिति की जानकारी दी गई है।

Popular Articles