Top 5 This Week

Related Posts

एस-मोड़ पर मौत का आमने-सामने टकराव, दो घरों के बुझ गए चिराग

शादी का निमंत्रण बांटकर लौट रहे राजू की खुशियां मातम में बदलीं, ग्राम विकास अधिकारी सौरभ बिष्ट की भी गई जान; ओवरटेक के दौरान भिड़ीं दो बाइकें, दो जिंदगी मौत से जूझ रहीं

हल्द्वानी। रामपुर रोड पर टांडा जंगल के एस-मोड़ के पास सोमवार देर शाम हुए खूनी सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। शादी का निमंत्रण बांटकर लौट रहे राजू गुप्ता और ग्राम विकास अधिकारी सौरभ बिष्ट की जिंदगी सड़क पर ही थम गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।

दर्दनाक हादसा एस-मोड़ से करीब 200 मीटर पहले हुआ। जानकारी के अनुसार, कालाढूंगी के मंगोलिया क्षेत्र निवासी ग्राम विकास अधिकारी सौरभ बिष्ट (30) अपने साथी बृजेश सती (32) के साथ रुद्रपुर से हल्द्वानी आ रहे थे। वहीं, रुद्रपुर के रम्पुरा निवासी राजू गुप्ता (28) अपने साढ़ू प्रेमशंकर शर्मा (50) के साथ रिश्तेदारी में शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइकें आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही टीपीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य के बाद सभी घायलों को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने सौरभ बिष्ट और राजू गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। सौरभ बेतालघाट ब्लॉक में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात थे। बृजेश सती और प्रेमशंकर शर्मा का अस्पताल में उपचार जारी है। बृजेश की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ओवरटेक बना हादसे की वजह?

प्रारंभिक जांच में ओवरटेक के दौरान दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

एक ही सड़क हादसे में दो युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। जिस राजू के घर शादी के निमंत्रण की खुशियां पहुंचनी थीं, वहां अब मातम पसरा है। वहीं, सरकारी सेवा में तैनात सौरभ की असमय मौत ने उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। सड़क पर हुई एक टक्कर ने दो परिवारों की दुनिया उजाड़ दी।

Popular Articles