Top 5 This Week

Related Posts

खटीमा में सीएम धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा स्थित लोहियाहेड हेलीपैड पर आमजन और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और समयबद्ध निस्तारण किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासनिक अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करनी होगी, ताकि लोगों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मूल मंत्र के साथ काम कर रही है। प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करना और आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना सरकार का उद्देश्य है।

विकास कार्यों और सुविधाओं पर भी चर्चा

जनसंवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और आवश्यकताओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्रीय विकास को गति देने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करें। शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, भवानी भंडारी, दर्जा राज्यमंत्री रामपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति और मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Popular Articles