Top 5 This Week

Related Posts

काठगोदाम में चरस की बड़ी खेप पकड़ी, स्कूटी पर सवार दो तस्कर गिरफ्तार

एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 1.155 किलो चरस बरामद, 609 और 546 ग्राम की खेप के साथ दबोचे गए आरोपी

हल्द्वानी। काठगोदाम में नशे की खेप खपाने निकले दो कथित तस्करों पर पुलिस और एसटीएफ का शिकंजा कस गया। वाइल्डलाइफ ट्रांजिट रेस्क्यू सेंटर के पास संयुक्त चेकिंग के दौरान टीम ने स्कूटी सवार दो युवकों को दबोच लिया। तलाशी में दोनों के कब्जे से 1.155 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया।

नशा मुक्ति अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं रेंज की टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वाइल्डलाइफ ट्रांजिट रेस्क्यू सेंटर के पास संदिग्ध गतिविधि के आधार पर दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उनके पास से चरस बरामद होने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

एक के पास 609 तो दूसरे से मिली 546 ग्राम चरस

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार मनोज चंद्र पुत्र भवानी दत्त भट्ट, निवासी बामन चापड़, तहसील पाटी, चंपावत, उम्र 29 वर्ष, के कब्जे से 609 ग्राम चरस बरामद हुई।

वहीं दूसरे आरोपी संजय चंद्र पुत्र जगदीश चंद्र, निवासी अनरिया, तहसील पाटी, चंपावत, के कब्जे से 546 ग्राम चरस मिली। दोनों के पास से बरामद कुल चरस का वजन 1.155 किलोग्राम निकला।

तस्करी में इस्तेमाल स्कूटी भी कब्जे में

पुलिस ने चरस की खेप ले जाने में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी संख्या यूके-04 टीबी-8402 को भी कब्जे में ले लिया। मामले में काठगोदाम कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इनकी रही अहम भूमिका

कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में काठगोदाम पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं रेंज की संयुक्त टीम ने की। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल प्रताप गड़िया, एसटीएफ के उपनिरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक प्रकाश भगत और हेड कांस्टेबल मोहित वर्मा शामिल रहे।

Popular Articles