Top 5 This Week

Related Posts

कमलुवागांजा रोड पर युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या या हादसा? हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

हल्द्वानी। कमलुवागांजा रोड पर शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सड़क किनारे युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही मुखानी कोतवाली पुलिस कोतवाल के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस जांच में मृतक की पहचान दीपक भट्ट, निवासी इन्द्रपुरम कॉलोनी, हरिपुर नायक के रूप में हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।

पुलिस फिलहाल इस मामले में हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत किसी सड़क हादसे में हुई, उसके साथ कोई आपराधिक वारदात हुई या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Popular Articles