Top 5 This Week

Related Posts

एसआईआर अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर नोटिस का हो समयबद्ध निस्तारण: आयुक्त दीपक रावत

हल्द्वानी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को पूरी पारदर्शिता और तय समयसीमा में पूरा कराने के उद्देश्य से कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने गुरुवार को शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। खालसा इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका महाविद्यालय और एमबी इंटर कॉलेज पहुंचकर उन्होंने एसआईआर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी मतदाता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक नोटिस का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप संचालित किया जा रहा है। पूर्व में जारी नोटिसों की सुनवाई विभिन्न बूथों पर की जा रही है और संबंधित अधिकारियों को पूरी गंभीरता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभानी होंगी। उन्होंने सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को अपने-अपने बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने बताया कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उन्हें उसकी तामील और रसीद उपलब्ध करा दी गई है। यदि किसी मतदाता के नाम, पिता के नाम, पते अथवा अन्य विवरण में कोई त्रुटि या विसंगति है तो संबंधित व्यक्ति आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने बूथ पर पहुंचकर उसका सुधार करा सकते हैं। बीएलओ प्राप्त अभिलेखों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान का मुख्य उद्देश्य निर्वाचक नामावली को अधिक शुद्ध, प्रमाणिक और त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए सभी अधिकारी निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं को नोटिस भेजे गए हैं, उन्हें निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम सही रूप में मतदाता सूची में दर्ज हो सकें।

मंडलायुक्त ने निर्वाचन कार्मिकों और बीएलओ को अभियान के दौरान सतर्कता, बेहतर समन्वय और जनसहभागिता बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है, इसलिए इसके प्रत्येक विवरण की शुद्धता सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।

आयुक्त दीपक रावत ने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ मतदाता सूची में दर्ज विवरण का सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो और निर्वाचन नामावली पूरी तरह अद्यतन एवं त्रुटिरहित बन सके।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, विभिन्न क्षेत्रों के सुपरवाइजर, बीएलओ तथा निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Popular Articles