हल्द्वानी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ए आई तकनीक का दुरुपयोग कर युवती की फर्जी आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कर ब्लैकमेल करने और ऑनलाइन ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदनामी का डर दिखाकर साइबर ठगों ने युवती से कई किश्तों में 12,539 रुपये वसूल लिए। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं परिक्षेत्र, रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, जगदंबा नगर फेज-1, निवासी किशोर कुमार पंत ने बताया कि उनकी 23 वर्षीय भतीजी , जो सिडकुल रुद्रपुर की एक कंपनी में कार्यरत है, के मोबाइल पर 15 जुलाई की रात व्हाट्सएप कॉल और संदेश आए। अज्ञात साइबर ठगों ने ऐ आई से तैयार की गई उसकी फर्जी आपत्तिजनक तस्वीरें भेजीं और दावा किया कि उसने “क्रेडिट लूप” व “लोन मित्र” ऐप से 4,000 रुपये का लोन लिया है।
ठगों ने युवती को धमकी दी कि यदि तत्काल भुगतान नहीं किया गया तो उसकी कथित न्यूड तस्वीरें मोबाइल की कॉन्टैक्ट लिस्ट में मौजूद रिश्तेदारों और परिचितों को भेज दी जाएंगी। आरोप है कि ठगों ने कुछ परिचितों को तस्वीरें भेजने के स्क्रीनशॉट भी साझा किए, जिससे युवती घबरा गई।
डर और मानसिक दबाव में आकर युवती ने अपने पेटीएम से एसबीआई खाते से लिंक मोबाइल नंबर के माध्यम से पहले 4,000 रुपये और बाद में सर्विस चार्ज सहित अलग-अलग बहानों से 15 से 16 जुलाई के बीच 6 किस्तों में कुल 12,539 रुपये अज्ञात खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद आरोपी लगातार और पैसे मांगते रहे तथा ट्रूकॉलर के जरिए भी धमकी भरे संदेश भेजते रहे।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि साइबर अपराधियों ने कंप्यूटर संसाधनों का इस्तेमाल कर फर्जी अश्लील तस्वीरें बनाकर ब्लैकमेल किया और ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर पुलिस आरोपियों की पहचान करने और लेनदेन का विवरण जुटाने में लगी हुई है।





