Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज, जल्द आएगी चुनाव आयोग की टीम

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कराने को कहा। अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर भवन की स्थिति के साथ बिजली, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार तैयारियों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO), रिटर्निंग अधिकारियों (RO) और स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण में निर्धारित समय के अनुसार भाग लेना सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही बूथ और विधानसभा स्तर पर चुनावी ड्यूटी में लगाए जाने वाले कर्मचारियों का विवरण तैयार करने के निर्देश दिए गए।

स्वीप प्लान और वाहनों की भी तैयारी

बैठक में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप प्लान तैयार करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों से आवश्यक वाहनों और चुनावी कार्य में लगाए जाने वाले कार्मिकों की सूची समय रहते तैयार करने को कहा गया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आगामी माह में केंद्रीय चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारी उत्तराखंड का दौरा करेंगे। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। इसे देखते हुए सभी जिलों को अपनी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास समेत प्रदेश के सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे। चुनाव आयोग की टीम के प्रस्तावित दौरे से पहले प्रशासन अब मतदान केंद्रों, कार्मिकों, प्रशिक्षण और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुट गया है।

Popular Articles